
- मुख्यमंत्री ने लैंड पूलिंग स्कीम के बारे में लोगों को गुमराह करने वाली विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना
धूरी (संगरूर): नई और प्रगतिशील लैंड पूलिंग स्कीम को किसान हितैषी और विकासोन्मुखी घोषित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज राज्य के लोगों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण स्कीम के बारे में विपक्षी दलों के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें।
धूरी विधानसभा क्षेत्र के 70 गांवों को विकास कार्यों के लिए 31.30 करोड़ रुपए की ग्रांट बांटने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी केवल अपने राजनीतिक हितों के लिए इस स्कीम के तथ्यों को तोड़-मरोड़कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लैंड पूलिंग स्कीम के तहत राज्य में किसानों से जमीन जबरन अधिग्रहित नहीं की जाएगी। इस लैंड पूलिंग स्कीम का उद्देश्य किसानों के लिए स्थायी आय के स्रोत पैदा करके उन्हें राज्य की प्रगति और समृद्धि में सक्रिय भागीदार बनाना है। राज्य में जमीन जबरन अधिग्रहित नहीं की जाएगी और जो किसान सहमति देंगे, केवल उनकी जमीन ही इस नीति के तहत ली जाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस नीति के तहत किसानों को आवासीय और वाणिज्यिक प्लांट मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लैंड पूलिंग स्कीम के तहत बनने वाली योजनाबद्ध कॉलोनियों में वाणिज्यिक संपत्ति किसानों के लिए आय का स्थायी स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस नई लैंड पूलिंग स्कीम का उद्देश्य राज्य की समग्र प्रगति को गति देना है।
उन्होंने कहा कि यह स्कीम राज्य के समग्र विकास को बढ़ावा देकर हर आम आदमी को लाभ पहुंचाएगी। भगवंत सिंह मान ने आश्वासन दिया कि जमीन जबरन अधिग्रहित नहीं होगी और अधिग्रहित जमीन पर समग्र विकास पारदर्शी और कानून के अनुसार होगा।