
- – 1076 पर कॉल करके घर बैठे प्राप्त की जा सकती है सेवाएँ: डिप्टी कमिश्नर
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
आम लोगों को बड़ी सुविधा प्रदान करते हुए, पंजाब सरकार ने अब राजस्व विभाग से जुड़ी 5 सेवाएं और ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी से जुड़ी परिवहन विभाग की 27 सेवाएं सेवा केंद्रों पर उपलब्ध करा दी है।
डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में, पंजाब सरकार ने अब सेवा केंद्रों पर डीड रजिस्ट्रेशन, डीड ड्राफ्टिंग, प्री-वेरिफिकेशन के लिए डीड जमा करना, अपॉइंटमेंट बुकिंग, स्टांप ड्यूटी का भुगतान, म्यूटेशन के लिए आवेदन (विरासत या पंजीकृत डीड के आधार पर), रिपोर्ट दर्ज करने के लिए आवेदन (अदालती आदेश, बैंक लोन/मॉर्गेज, या उनकी रिहाई), रिकॉर्ड में सुधार के लिए आवेदन और डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित फर्द के लिए आवेदन जैसी सेवाएं उपलब्ध करा दी हैं।
इसके अलावा, ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित 15 सेवाएँ और आरसी से संबंधित 12 सेवाएँ अब सेवा केंद्रों पर उपलब्ध होंगी।
सेवा केंद्रों पर ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं
लर्नर लाइसेंस से संबंधित सेवाएं, जैसे नया आवेदन, पता परिवर्तन, नाम परिवर्तन, डुप्लीकेट लर्नर लाइसेंस, के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं, जैसे डुप्लीकेट लाइसेंस, नवीनीकरण (जहां टेस्ट ट्रैक पर जाने की आवश्यकता नहीं होती), रिप्लेसमेंट, पता परिवर्तन, नाम परिवर्तन, जन्मतिथि में सुधार, ड्राइविंग लाइसेंस का असट्रैक्ट प्रदान करना, लाइसेंस सरेंडर, पब्लिक सर्विस का बैज, कंडक्टर लाइसेंस का नवीनीकरण, लर्नर लाइसेंस की अवधि का विस्तार आदि सुविधाएं उपलब्ध होगी।
सेवा केंद्रों पर आर.सी. से संबंधित सेवाएं
डुप्लीकेट आरसी, गैर-व्यावसायिक वाहन के स्वामित्व में परिवर्तन, हायर परचेज की निरंतरता (स्वामित्व परिवर्तन/नाम परिवर्तन की स्थिति में), हायर परचेज समझौते का समर्थन, वाणिज्यिक वाहनों (भारी/मध्यम/तिपहिया/चार पहिया/हल्के वाहन) के लिए फिटनेस प्रमाण पत्र, अतिरिक्त लाइफटाइम टैक्स का भुगतान (स्वामित्व परिवर्तन की स्थिति में), आरसी विवरण देखना, आरसी के लिए एनओसी, परिवहन सेवाओं के रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर अपडेट करना, आरसी में पता बदलना आदि सुविधाएं उपलब्ध होगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जो नागरिक सेवा केंद्र पर नहीं आ सकते, वे भी फोन नंबर 1076 डायल करके घर बैठे डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से इन सेवाओं का लाभ उठा सकते।