
अमृतसरः काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए, सीआई टीमों ने अमृतसर-झबाल रोड पर बोहड़ू पुल के पास आपराधिक गतिविधयों में संलिप्त हरजिंदर सिंह को उस समय रोका जब वह अवैध हथियार की खेप पहुंचाने जा रहा था। यह मॉड्यूल भारत-पाक सीमा क्षेत्र से हथियारों की खेप सक्रिय रूप से प्राप्त कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में सीमा पार के संचालकों की संलिप्तता का पता चला है, जिन्होंने आरोपी को पंजाब भर के गैंगस्टरों और अपराधियों को हथियार आपूर्ति करने का काम सौंपा था। बरामदगी: उसके कब्जे से मैगज़ीन सहित 10 अत्याधुनिक .30 बोर पिस्तौल जब्त की गई हैं।
थाना एसएसओसी अमृतसर में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क और उसके संबंधों का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जाँच जारी है। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार तस्कर, पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के साथ मिलकर काम कर रहा था। पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन से हथियारों की खेप भेजता था। आरोपी पंजाब के अपराधियों और गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करता था।