जालंधर : Maharaja Agrasen Jayanti के पावन अवसर पर अग्रवाल सभा जालंधर की ओर से अग्रवाल आश्रम, लादोवाली रोड, जालंधर में हवन यज्ञ का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अग्र बंधुओं ने कुलदेवी माँ महालक्ष्मी जी एवं महाराजा अग्रसेन जी का विधिवत पूजन किया तथा समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वकल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस धार्मिक आयोजन में पंजाब सरकार के अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड के स्टेट चेयरमैन श्री अश्वनी अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला चेयरमैन श्री मुकेश गर्ग ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
अग्रवाल सभा जालंधर के प्रधान श्री अश्वनी अग्रवाल ने समस्त अग्रवाल समाज को महाराजा अग्रसेन जयंती की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए समाज की एकता, भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
सभा के महामंत्री श्री अविनाश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शीघ्र ही अग्रवाल आश्रम में महाराजा अग्रसेन भवन के निर्माण का शिलान्यास किया जाने वाला है। उन्होंने समस्त अग्रवाल समाज से इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील की, ताकि समाज के लिए एक भव्य एवं उपयोगी भवन का निर्माण किया जा सके।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा जालंधर के सरपरस्त एवं पंजाब सरकार के अग्रवाल भलाई बोर्ड के पूर्व चेयरमैन श्री मनोज अग्रवाल ने अग्रवाल समाज से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, आपसी सहयोग और सेवा भावना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य स्तरीय महाराजा अग्रसेन जयंती समागम 18 अक्टूबर, रविवार को मोगा में अग्रवाल सभा पंजाब द्वारा अग्रवाल सभा मोगा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने समस्त अग्रवाल समाज से इस समागम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, समाज सेवा, समानता और आपसी भाईचारे के संदेश को पुनः सुदृढ़ किया।
इस शुभ अवसर पर अग्रवाल सभा के चेयरमैन अशोक गुप्ता, कैशियर विजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य सुनील सिंगला, पुनीत मित्तल, सुरिंदर गुप्ता, सह-कैशियर सुशील गुप्ता, उपप्रधान अश्वनी गुप्ता, सचिव राजी अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विजय बंसल, अविनाश जिंदल, ललित मित्तल, नवल किशोर अग्रवाल, प्रमोद बंसल सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज की एकता, भाईचारे एवं सेवा भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।