Jalandhar News : कीर्ति नगर, लाडोवाली रोड स्थित भगवान शिव मंदिर रामलीला वेलफेयर क्लब की ओर से 49वें रामलीला एवं दशहरा उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम धार्मिक आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का प्रतीक बना। इस अवसर पर अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन व पार्षद अश्वनी अग्रवाल कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए। आयोजकों द्वारा उनका सम्मान कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अश्वनी अग्रवाल ने दशहरा उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी गौरवशाली परंपराओं को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक उत्सव समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। इस प्रकार के आयोजन लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर भगवान शिव मंदिर रामलीला वेलफेयर क्लब के आयोजकों द्वारा अश्वनी अग्रवाल को सम्मानित किया गया। उन्होंने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में वरिंदर जुनेजा, नरिंद्र कंसरा, कमल सोबती, संदीप अग्रवाल और हैप्पी शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।