
चंडीगढ़ः एक अनुमान के मुताबिक रेबीज के कारण दुनियाभर में हर साल 59000 के करीब मौतें हो जाती हैं। भारत में भी हर साल सैकड़ों मौतें कुत्ते के काटने पर सही ढंग से इलाज नहीं होने के कारण हो जाती है।
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल द्वारा भी संसद में साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2024 में देश भर में कुत्तों के काटने के 37 लाख से अधिक मामले आए हैं और इनमें 54 लोगों की मौतें रेबीज से हुईं।
कुत्तों के काटने से होने वाली रेबीज और महंगे इलाज को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज आम आदमी क्लीनिकों में कुत्तों के काटने पर मुफ्त इलाज की घोषणा की। अब आम आदमी क्लीनिकों पर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को जिला अस्पतालों या तहसील स्तरीय अस्पतालों में इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ा।
वर्तमान में प्राइवेट अस्पताल में कुत्ते के काटने का एक टीका 350 से 800 रुपए के बीच लगाया जाता है। कुल 2000 से 4000 के बीच खर्च आ जाता है। अब यह सुविधा मुफ्त में आम आदमी क्लीनिकों पर भी मुहैया होगी।