
लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी एक बड़ी पहल करते हुए पाकिस्तान की गोलीबारी में अनाथ हुए 22 बच्चों को गोद लेने जा रहे हैं। इस बारे में जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रमुख हामिद कर्रा ने जानकारी देते हुए कहा कि राहुल गांधी पुंछ के उन 22 बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाएंगे जिन्होंने अपने दोनों माता-पिता पाकिस्तानी की गोलीबारी में गंवा दिए हैं। उन्होंने बताया कि पहली किस्त की राशि बुधवार को जारी की जाएगी। यह सहायता इन बच्चों के स्नातक होने तक जारी रहेगी।
कर्रा ने बताया कि मई महीने में पुंछ की यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने स्थानीय पार्टी नेताओं से प्रभावित बच्चों की सूची तैयार करने को कहा था। इसके बाद एक सर्वेक्षण किया गया और नाम बताए गए। सरकारी रिकार्डों की जांच के बाद बच्चों के नामांकन को अंतिम रूप दिया गया।
तुम खूब मन लगाकर पढ़ाई करो
राहुल गांधी ने मई महीने में पुंछ दौरे के दौरान क्राइस्ट पब्लिक स्कूल का भी दौरा किया था। यह वह स्कूल है जिसके दो छात्र 12 वर्षीय जुड़वां बच्चे उरबा फातिमा और जैन अली भी हमले के शिकार हुए थे। राहुल गांधी ने कहा था, “मुझे तुम पर बहुत-बहुत गर्व है। तुम्हें अपने नन्हे दोस्तों की याद आती है। मुझे इस बात का बहुत दुःख है। सब कुछ सामान्य हो जाएगा, कड़ी मेहनत करो, और भी अधिक खेलो और “स्कूल में बहुत सारे दोस्त बनाओ।