
- किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0181-2602139 पर कॉल या एक्शन लाइन व्हाट्सएप नंबर 9646222555 पर भेज सकते हैं संदेश
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
व्यापार करने में निर्बाध और परेशानी मुक्त अनुभव सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने निवेशकों की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0181-2602139 और एक्शन लाइन व्हाट्सएप नंबर 9646222555 शुरू किया है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि निवेशक किसी भी प्रश्न या समाधान के लिए लैंडलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं, या एक्शन लाइन व्हाट्सएप नंबर पर संदेश भेज सकते हैं।
आज जिला प्रशासनिक परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि निवेशकों को सहयोग प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा यह पहल की गई है। अब निवेशक निवेश अनुमोदन और संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में प्रश्नों, जानकारी या समाधान के लिए सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस कदम से निवेशकों और संबंधित विभागों के बीच संचार को और अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। उद्यमियों और निवेशकों को अपना कारोबार चलाने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाने की पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि जिले में उनके निवेश में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने इन्वेस्ट पंजाब बिजनेस फर्स्ट पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्राप्त करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने निवेशकों और उद्यमियों से हेल्पलाइन और एक्शन लाइन का अधिकतम उपयोग करने की अपील की। बैठक में एसडीएम आदमपुर विवेक कुमार मोदी (जो अतिरिक्त उपायुक्त ग्रामीण विकास का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं), जीएम डीआईसी दीप सिंह गिल और निवेशकों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।