
चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों राहत देने के लिए प्रभावित फसलों और अन्य नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी के आदेश जारी किए हैं। पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने सुल्तानपुर लोधी के प्रभावित गांवों बाऊपुर जदीद और सांगरां में पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा प्रक्रिया के आदेश जारी कर दिए हैं।
राज्य सरकार की तरफ से डिप्टी कमिश्नरों को आदेश दिए गए हैं कि बाढ़ का जलस्तर कम होते ही विशेष गिरदावरी पूरी कर प्रभावित लोगों को उनका बनता मुआवजा समय पर दिया जाए। राजस्व मंत्री ने बताया कि बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यों का जायजा कैबिनेट मंत्रियों द्वारा लिया जा रहा है।
विभिन्न जिलों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत कार्यों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि कपूरथला जिले में राहत कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को राशन, पीने का पानी, दवाइयां और पशुधन की देखभाल जैसी जरूरी सुविधाएं युद्धस्तर पर मुहैया कराई जा सकें।