
नई दिल्ली: लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता व कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए घोषित 1,600 करोड़ रुपए की प्रारंभिक राहत राशि को काफी कम बताते हुए तत्काल व्यापक राहत पैकेज जारी करने की मांग की है।
राहुल गांधी ने बीते 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर पंजाब के लिए व्यापक राहत पैकेज जारी करने का आग्रह किया था। राहुल गांधी ने सोमवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा है पंजाब को बाढ़ की वजह से लगभग 20,000 करोड़ रुपए का नुक़सान हुआ है। ऐसे में प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1600 करोड़ रुपए का प्रारंभिक राहत पैकेज पंजाब के लोगों के साथ अन्याय है।
उन्होंने लिखा लाखों घर उजड़ गए, 4 लाख एकड़ से ज़्यादा की फ़सल बर्बाद हो गई और बड़ी संख्या में जानवर बह गए हैं। फिर भी पंजाब के लोगों ने अद्भुत हिम्मत और जज़्बा दिखाया है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे एक बार फिर पंजाब को खड़ा करेंगे – उन्हें बस सहारे और मजबूती की ज़रूरत है। मैं प्रधानमंत्री से फिर से आग्रह करता हूं कि तुरंत एक व्यापक राहत पैकेज जारी करें।