जालंधर: CT Group of Institutions मकसूदां में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर ने संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए नौजवानों को संवैधानिक सिद्धांतों को समझने तथा जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन द्वारा मनाए गए संविधान दिवस के अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश के लोकतंत्र की नींव है और यह सभी नागरिकों को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने छात्रों को संविधान में दर्ज मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक होने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल और स्वीप नोडल अधिकारी जालंधर डॉ. अशोक सहोत्रा ने संवैधानिक जागरूकता, नागरिक भागीदारी और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के महत्व के बारे में अपने विचार साझा किए।
इससे पहले CT Group of Institutions के कैंपस डायरेक्टर डॉ. अनुराग शर्मा ने आए मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी पहल छात्र-छात्राओं को राष्ट्र के प्रति अपने अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करती हैं।
समारोह के दौरान जिला प्रशासन द्वारा पिछले दिनों करवाए गए जिला स्तरीय निबंध-लेखन और क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी सुरजीत लाल, डॉ. अनुराग शर्मा और डॉ. बीआर अंबेडकर सरकारी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. हुस्न लाल का स्वीप गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मान किया गया।
इस दौरान संस्थान में वोटर रजिस्ट्रेशन कैंप भी लगाया गया।