Jalandhar News : वार्ड नंबर 80 में विकास कार्यों को गति देते हुए शिव नगर स्थित एन.सी. पब्लिक स्कूल वाली गली के साथ लगती कपूर वाली गलियों में सीसी (CC) सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज एवं मेयर विनीत धीर और अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं वार्ड नंबर 80 के पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने संयुक्त रूप से नई बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई।
गौरतलब है कि इन गलियों के निवासी पिछले कई वर्षों से टूटी सड़कों और बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव की समस्या से परेशान थे। स्थानीय निवासियों की शिकायतों और मांग को गंभीरता से लेते हुए पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने इस समस्या को मेयर विनीत धीर के समक्ष रखा। मेयर के सहयोग से अब इस क्षेत्र की सड़कों की काया पलट का कार्य शुरू हो गया है।
इस मौके पर अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण के दौरान सड़क को उचित ऊंचाई देकर बनाया जाएगा और गलियों का निर्माण भी सही तरीके से करवाया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 80 के प्रत्येक क्षेत्र का विकास करवाना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। नगरवासियों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए मेयर विनीत धीर और पार्षद अश्वनी अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जेई युवराज, राज कुमार शर्मा, करुण धीर, ऋषव अग्रवाल, नमन वोहरा, संजीव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।