
जम्मू-कश्मीर: जम्मू-श्रीनगर में लगातार हों रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह करोल ब्रिज और चंदरकोट में भूस्खलन से यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3 बजे पहाड़ियों से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे। इस कारण सड़क के दोनों ओर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
इस घटना के चलते जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू जाने वाले सैकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंस गए हैं। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और कमजोर पहाड़ी ढलानों के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।