
चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य के कई जिलों में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद की अपील की है। उन्होंने लोगों को भी भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार बाढ़ से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से हर जिले में बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और राज्य की डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ) द्वारा युद्धस्तर पर काम किए जा रहे हैं।
वहीं प्रभावित लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए भी प्रशासन द्वारा हर तरह की ज़रुरी व्यवस्था की जा रही है, खासकर तरनतारन, अमृतसर फिरोजपुर फाजिल्का और अबोहर में, जहां बाढ़ से कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश एवं पहाड़ी इलाकों में लगातार भारी बारिश, भूस्खलन एवं बादल फटने की घटनाओं ने भी पंजाब के कई इलाकों को प्रभावित किया है। लेकिन पंजाब सरकार हर तरह की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार है और पूरी तरह सक्षम है। हम आम लोगों को किसी भी तरह की मूलभूत समस्याओं का सामना नहीं करने देंगे।
अरोड़ा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सरकार की तरफ से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन यह समस्या सिर्फ सरकार के काम करने से खत्म नहीं होगी, इसलिए हमें भी जमीन पर उतरकर लोगों की मदद करनी पड़ेगी। संकट के समय लोगों का साथ देना हमारी भी नैतिक जिम्मेदारी है। इसलिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से मेरा अनुरोध है कि जल्द से जल्द बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाएं और अपने स्तर पर या प्रशासन के साथ मिलकर आमलोगों को राहत दिलाने की कोशिश करें।