
जालंधर/सोमनाथ कैंथ
नगर निगम द्वारा मॉनसून से पूर्व जिन इलाकों में वर्षों से जलभरावन की समस्या होती उसकी सूची बनाने का साथ-साथ उन इलाकों में तत्काल पानी की निकासी के प्रबंध किए जाते हैं। यही नहीं नगर निगम की ओर से हरेक एरिया में कर्मचारियों की ड्यूटी तय की जाती है ताकि लोगों को कोई समस्या पेश नहीं आए लेकिन जालंधर का ओल्ड रेलवे रोड ऐसा एरिया है, यहां बरसात के मौसम में समस्या तो हर साल पैदा होती है लेकिन समस्या आज तक हल नहीं हुई। हालांकि करोड़ों रुपए लगाकर सीमेंटड सड़क भी बनाई गई है लेकिन पानी भरने की समस्या सालों से ऐसे ही चली आ रही है।
हालांकि सुबह के समय हुई बरसात तो खत्म हो जाती है लेकिन पानी की निकासी नहीं होने के कारण लोगों को पूरा दिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ज्यादातर समस्या कृष्णा सिनेमा(जो अब नहीं है) के सामने पड़ती सड़क से लेकर लक्ष्मी सिनेमा तक से आगे तक होती है।
सालों से इस समस्या का सामना कर रहे स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत तो तब करें यदि नगर निगम में जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को कुछ नजर न आता है। इस संबंध में जब नगर निगम के अधिकारियों से बात की जाती है तो अधिकारियों का कहना होता है कि योजना और विकास कार्यों के प्रोजैक्ट तो नेताओं ने बनाने होते हैं।
अब बात जन प्रतिनिधियों के सिर पर है कि संबंधित वार्ड के नेता मेयर विनीत धीर के पास इस जगह पर जल निकासी की समस्या को लेकर कोई प्रोजेक्ट लेकर जाता है या अगले वर्ष की मॉनसून का ऐसे ही इंतजार करेंगे।