
श्री मुक्तसर साहिब: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के माता-पिता को 2 साल पुराने रंगदारी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह और उनकी. पत्नी प्रीतपाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 में गांव उडेकरन निवासी एक शिक्षक से 50 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। पैसे न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में 3 दिसंबर 2024 को एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस को पीड़ित शिक्षक ने बताया था कि 27 नवंबर 2024 को स्कूल ड्यूटी के दौरान उसे व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख की मांग की और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। कॉल्स का सिलसिला उसी दिन कई बार चला। छह दिन बाद दोबारा कॉल आने पर डर के कारण उसने फोन नहीं उठाया और परिवार की सलाह पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया है कि उस समय बंबीहा गैंग और गोल्डी बराड़ साथ-साथ काम कर रहे थे। गोल्डी बराड़ के माता-पिता के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। वे रंगदारी की रकम से ही अपना गुजारा कर रहे थे। इसी मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के वक्त वह अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास एक होटल में ठहरे हुए थे।बता दें राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर 10 लाख का इनाम घोषित कर रखा है। उसके पिता शमशेर सिंह पंजाब पुलिस से एएसआई पद से रिटायर हुए हैं।