
पाकिस्तान : पाकिस्तान ने 7 फरवरी को शुरू होने वाले पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के साथ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया। इसी को लेकर आईसीसी ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए,इसके दीर्घकालिक परिमाणों को लेकर चेताया है।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है, हालांकि 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। यह फैसला बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध से जुड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में अपने मैच खेलने से इनकार करते हुए मुकाबलों को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था।
वहीं आईसीसी ने पाकिस्तान के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कड़े शब्दों में चेतावनी देते कहा कि अगर पाकिस्तान टीम मैदान पर नहीं उतरती है, तो भारत को वॉकओवर के जरिए पूरे दो अंक मिल जाएंगे। नियमों के मुताबिक भारतीय टीम टॉस के लिए मैदान पर मौजूद रहेगी और पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा के अनुपस्थित रहने पर मैच रेफरी भारत को विजेता घोषित कर देगा।