
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के स्पेशल सेल ने रामा मंडी पुलिस स्टेशन की टीम के साथ मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन में UAPA एक्ट के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन खोसला पुत्र नरिंदर कुमार, निवासी मकान नंबर 82, गुरु नानकपुरा वेस्ट, चुगिट्टी, जालंधर, भरत वर्मा उर्फ सनी पुत्र रविंदर वर्मा, निवासी मकान नंबर 96, गुरु नानकपुरा वेस्ट, चुगिट्टी, जालंधर, प्रदीप सिंह पुत्र हरदेव सिंह, निवासी मकान नंबर 25, कमल विहार, रामा मंडी, जालंधर के रूप में हुई है। तीनों शहजाद भट्टी और हरमाज गुज्जर के संपर्क में रहकर संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचाने का काम कर रहे थे।
बता दें कि जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (IPS) के निर्देशों और मनप्रीत सिंह (PPS, DCP/जांच), जयंत पुरी (IPS, ADCP/जांच) और श्रीमती आकर्षी जैन (IPS, ADCP-1 जालंधर) के आदेशों के अनुसार, जालंधर शहर में गैर-कानूनी और देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ एक खास अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी न केवल पंजाब बल्कि अन्य राज्यों में जाकर भी सरकारी विभागों से जुड़ी गतिविधियों और महत्वपूर्ण जानकारियां इकट्ठा कर पाकिस्तान भेजते थे। मामले में पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक और अन्य अहम सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले तीन से चार महीनों से एक्टिव थे और जालंधर सहित अन्य राज्यों से भी संवेदनशील जानकारियां साझा कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आपस में अच्छे दोस्त हैं और उनसे पूछताछ के दौरान कई और अहम खुलासे होने की संभावना है। भरत वर्मा के खिलाफ पहले से मारपीट का एक मामला भी दर्ज बताया गया है।
इस मामले में, रामा मंडी पुलिस स्टेशन जालंधर में उक्त आरोपियों के खिलाफ FIR नंबर 141 (तारीख 25.06.2026) UAPA एक्ट 1967 की धारा 18, 39; ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 की धारा 3; और BNS 2024 की धारा 111, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच ACP सेंट्रल कर रहे हैं। उक्त आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनसे देश-विरोधी गतिविधियों के बारे में और ठोस जानकारी मिलने की संभावना है।