पंजाब में खडूर साहिब संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव जीत चुके सांसद अमृतपाल सिंह सिंह के 2027 के Punjab Assembly elections में दो सीटों पर चुनाव लड़े जाने की खबरें सामने आ रही हैं। इस संबंध में वारिस पंजाब दे पार्टी के नेता एवं विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि जेल में बंद रहते हुए भी जनता ने उन्हें भारी वोटों के साथ सांसद बना दिया तो 2027 में भी जनता उसका साथ देगी। वर्तमान में अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। अमृतपाल सिंह किन सीटों से चुनाव लड़ेंगे इसको लेकर अयाली ने कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड चुनाव क्षेत्रों के बारे में अंतिम फ़ैसला करेगा। जिन संभावनाओं पर चर्चा हो रही है, उनमें धूरी विधानसभा सीट भी शामिल है। धूरी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का विधानसभा क्षेत्र है।
धूरी समेत मालवा की कई सीटों पर चर्चा चल रही है। पहले तलवंडी साबो पर भी विचार किया गया था। हालांकि, पार्टी ने अब तलवंडी साबो से दिवंगत एक्टर दीप सिद्धू के भाई मनदीप सिंह सिद्धू को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जिससे अमृतपाल के उस सीट से चुनाव लड़ने की संभावना कम हो गई है।
पार्टी सूत्रों ने रामपुरा फूल का भी एक संभावित विकल्प के तौर पर ज़िक्र किया है। बाकी दो सीटों की घोषणा अभी आधिकारिक तौर पर नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि अमृतपाल सिंह पर एनएसए लागू किए जाने के कारण उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अमृतपाल सिंह रिहा नहीं हुए तो जेल से ही विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। वहीं जिक्रयोग्य है कि अमृतपाल सिंह को पार्टी पहले ही मुख्यमंत्री फेस के तौर पर घोषित कर चुकी है।