जालंधर : राज्य सभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि Global warming आज पूरी दुनिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। धरती के बढ़ते तापमान के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है और इसके गंभीर नतीजे सामने आ रहे है।
वह आज यहां ग्रीन मॉडल टाउन में Innocent Hearts Group द्वारा स्कूल में करवाए गए समारोह को संबोधित कर रहे थे। संत सीचेवाल ने कहा कि तापमान में लगातार हो रहे इजाफे के कारण ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे है। उन्होंने हाल ही में नेपाल में ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटने के कारण हुई भारी तबाही का जिक्र करते हुए कहा कि प्रकृति से की जा रही छेड़छाड़ के नतीजे मानवता को भुगतने पड़ रहे है। जलवायु परिवर्तन के कारण कहीं भीषण बाढ़ आ रही है और कहीं सूखे जैसे हालात पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में चल रही जंगों के कारण मानवता का भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया को कई बार तबाह करने के सक्षम हथियार तो तैयार कर लिए गए हैं, लेकिन मानवीय जीवन को बचाने के लिए जरूरी साफ पानी और शुद्ध हवा भी सुरक्षित नहीं रहे।
संत सीचेवाल ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए साफ पानी और शुद्ध हवा का प्राकृतिक खजाना संभालकर जाएं। पर्यावरण की रक्षा समाज के हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से अपील की कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी जाए, ताकि वह अच्छे नागरिक बनने के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझ सकें।