जालंधर : दिवाली के शुभ अवसर पर ऑब्जर्वेशन होम फॉर गर्ल्स और चिल्ड्रन होम फॉर गर्ल्स, गांधी विनीता आश्रम, जालंधर द्वारा Judicial Court Complex में सजावटी वस्तुओं की एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें वहां रहने वाली प्रतिभाशाली लड़कियों द्वारा तैयार की गईं सुंदर हस्तकला वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया।
यह समारोह स्थानीय नए Judicial Court Complex में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण, जालंधर श्रीमती प्रिया सूद के नेतृत्व में करवाया गया।
इस प्रदर्शनी में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती प्रिया सूद के साथ-साथ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पी.एस. राय, जगमोहन सिंह संघे, जसविंदर सिंह, श्रीमती दीप्ति गुप्ता, श्रीमती अर्चना कंबोज और विशेश कंबोज ने भी शिरकत की। इसके अलावा श्रीमती हरप्रीत कौर, सीनियर डिवीजन सिविल जज, जालंधर और राहुल कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण, जालंधर भी मौजूद थे।
न्यायिक अधिकारियों ने स्टॉलों का दौरा किया, त्योहारों के लिए सजावटी वस्तुएं खरीदीं और बच्चों की शानदार रचनात्मकता, मेहनत और कलात्मक प्रयासों की पूरे दिल से सराहना की। वस्तुओं की बिक्री से एकत्र हुई सारी राशि बच्चों की भलाई और विकास के लिए इस्तेमाल की जाएगी। इस मौके पर जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण के सीनियर सहायक जगन नाथ भी मौजूद थे।