
जालंधर: जालंधर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर विधिपुर फ्लाईओवर के पास इनोवा की टक्कर से स्विफ्ट कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन मासूम बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतकों की पहचान लुधियाना के गांव बिलासपुर निवासी सुरिंदर शुक्ला, उनकी पत्नी प्रियंका और मां यावंती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरिंदर अपने परिवार के साथ स्विफ्ट कार में ब्यास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विधिपुर फ्लाईओवर के पास रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार इनोवा ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद इनोवा चालक घायलों की मदद करने या उन्हें अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से फरार हो गया। हादसे में प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सुरिंदर ने रात करीब 8 बजे और उनकी मां यावंती ने रात 9 बजे अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं, कार में सवार तीन बच्चियां गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। घायलों में 13 वर्षीय अंशिका, जिसकी दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, 8 वर्षीय अर्पिता और 1 वर्षीय मानवी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे में तीनों बच्चियों ने अपने माता-पिता और दादी को हमेशा के लिए खो दिया।
पुलिस का कहना है कि फरार इनोवा चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।