Jalandhar News : डिप्टी कमिश्नर ने श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले की तैयारियों का लिया जायज़ा

Jalandhar News : डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने 25 सितंबर को मनाए जा रहे श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले की चल रही तैयारियों का जायज़ा लेते हुए अधिकारियों को मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यहां जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मेले की क्षेत्र में महत्ता को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालु बिना किसी दिक्कत के श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले में शामिल होकर श्रद्धा भेंट कर सकें।

श्री वालिया ने सुरक्षा, आवाजाही प्रबंधों का जायज़ा लेते हुए पुलिस विभाग के अधिकारियों को आवश्यक संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती, महिला पुलिस, सुचारू निगरानी, आवाजाही के वैकल्पिक प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंदिर, मंदिर को जाने वाले मुख्य मार्ग, आस-पास की सड़कों और मेले वाले स्थान की उचित सफाई, सजावट, मैडिकल टीमों सहित एम्बुलेंसों की तैनाती, पीने के पानी का इंतजाम, फायर ब्रिगेड और अस्थायी शौचालयों सहित अन्य आवश्यक बंदोबस्त समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग को मेले में लगने वाले स्टेजों और झूलों की आवश्यक जांच सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि कहीं तार ढीले या नीची हैं तो उन्हें जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए।

Advertisement Space

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में माथा टेकने और श्रद्धा भेंट करने के लिए आते हैं, जिनकी सुविधा के लिए प्रबंधों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर आपसी तालमेल के साथ काम करने के लिए कहा ताकि श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले को उचित ढंग से संपन्न करवाया जा सके।

बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर, डी.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लों, डी.सी.पी. परमिंदर सिंह, डी.सी.पी. आदित्य वारियर, एस.डी.एम. शुभी आंगरा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

25 सितंबर को मीट और शराब की बिक्री पर पाबंदी

जिला मैजिस्ट्रेट वरजीत वालिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अधीन प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले के दौरान लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर से एक किलोमीटर के क्षेत्र में दिनांक 25-09-2026 को मीट और शराब की बिक्री पर पाबंदी लगाई गई है।

Advertisement Space

Leave a Comment