District Legal Services Authority ने सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 500 से अधिक अध्यापकों के लिए व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाया

जालंधर : जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष,District Legal Services Authority, जालंधर प्रिया सूद के योग्य नेतृत्व में जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जालंधर के सहयोग से संविधान दिवस के अवसर पर यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा (POCSO) अधिनियम पर केंद्रित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण प्रोग्राम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 500 से अधिक अध्यापकों ने भाग लिया और उन्हें बच्चों की सुरक्षा, कानूनी ढांचे तथा डिजिटल सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। समारोह की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (विशेष न्यायालय पॉक्सो) श्रीमती अर्चना कंबोज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण श्री राहुल कुमार तथा प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड-सह-विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट, जालंधर श्री पारसमीत ऋषि द्वारा की गई।

सत्रों के दौरान अध्यक्षता कर रहे न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार की घटनाओं की पहचान करने, उन्हें रोकने तथा रिपोर्ट करने में प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता (First Responders) के रूप में अध्यापकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने अध्यापकों से पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत अनिवार्य रिपोर्टिंग प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए स्कूलों में सुरक्षित, सतर्क और सहायक माहौल बनाने की अपील की। रिसोर्स पर्सन्स और अधिकारियों की टीम द्वारा भाग लेने वाले अध्यापकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। श्रीमती हरलीन कौर, श्रीमती आभा नागर तथा श्रीमती रेखा रानी (पैनल अधिवक्ता, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण) ने जिला बाल सुरक्षा अधिकारी श्री अजय भारती के साथ मिलकर पॉक्सो अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, बाल सुरक्षा प्रणालियों तथा पीड़ित मुआवजा योजना (Victim Compensation Scheme) के बारे में गहन जानकारी दी। इंस्पेक्टर, साइबर क्राइम सेल श्री हरबीर सिंह तथा आई.टी. अधिकारी, कमिश्नरेट पुलिस, जालंधर श्रीमती रुबिंदरजीत ने अध्यापकों को शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को प्रभावित करने वाली साइबर धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से संबंधित उभरते खतरों के बारे में जागरूक किया तथा बचाव के उपायों एवं रिपोर्टिंग प्रोटोकॉल के बारे में बताया।

Advertisement Space

इसके अतिरिक्त उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी, जिला कैरियर गाइडेंस काउंसलर नरिंदर कुमार तथा श्रीमती अमनदीप कौर एवं श्रीमती सीमा (इंस्पेक्टर, ग्रामीण पुलिस) ने संस्थागत जिम्मेदारी, विद्यार्थी परामर्श तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ प्रभावी तालमेल के बारे में व्यावहारिक मार्गदर्शन साझा किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक जगन नाथ सहित जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण का स्टाफ भी उपस्थित था।

District Legal Services Authority, जालंधर द्वारा इस पहल की मेजबानी करने तथा इसके सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने में सहयोग के लिए सी.टी. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के उपाध्यक्ष श्री हरप्रीत सिंह तथा सी.टी. ग्रुप की प्रबंधकीय समिति का विशेष आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन एक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसने पूरे जिले में बच्चों के अधिकारों एवं कल्याण की रक्षा के लिए न्यायपालिका, प्रशासन, पुलिस तथा अध्यापकों की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।

Advertisement Space

Leave a Comment