
पंजाब स्टेट कमिशन फॉर वुमन ने बीते दिनों मोगा में एक बस कंडक्टर द्वारा महिला को पीटने की वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मोगा पुलिस के उक्त कंडक्टर के खिलाफ कार्यवाही करने के आदेश दिए, जिस पर मोगा की पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट ने बस कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी बस कंडक्टर की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा बारिश में महिला की पिटाई की जा रही है। वहां मौजूद लोगों ने बस कंडक्टर द्वारा महिला से मारपीट की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
पंजाब स्टेट कमिशन फॉर वुमन पर हुई कार्रवाई के संबंध में थाना सिटी वन के पुलिस इंस्पेक्टर वरुण कुमार ने बताया कि गांव समालसर निवासी मनप्रीत कौर उम्र लगभग 35 वर्ष ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह केएफसी आउटलेट मोगा में काम करती है । वह रोजाना गांव समालसर से बस द्वारा आती और जाती है। मनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि 02 सितंबर 2025 की सुबह वह पंजाब रोडवेज पनबस से मोगा आ रही थी।
जब बस मोगा बाईपास बाघापुराना पुल के पास पहुंची तो उसने केएफसी के पास उसे उतारने को कहा। मनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि कंडक्टर ने उसे धक्का देकर बस से नीचे गिरा दिया और खुद भी उतरकर उसकी पिटाई करने लगा। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे बचाया।
महिला ने पुलिस चौकी फोकल प्वाइंट में अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस ने कंडक्टर के खिलाफ धारा 74, 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।