तरन तारन उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज करेंगे : मुख्यमंत्री भगवंत मान


Aryan Academy AD

तरन तारनः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी और विकासमुखी नीतियों के कारण आम आदमी पार्टी तरन तारन उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज करेगी और विपक्ष की जमानतें जब्त होंगी।

भगवंत मान ने कहा कि वे पार्टी प्रत्याशी हरमीत सिंह संधू के लिए व्यक्तिगत रूप से वोट मांगेंगे, क्योंकि राज्य सरकार ने जनकल्याण और समग्र विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता इन नीतियों के आधार पर पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए राज्य के संसाधनों को लूटा। जब पंजाब बेरोज़गारी, ब्रेन ड्रेन, भ्रष्टाचार जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था, तब ये नेता अवैध रूप से पैसा कमाने में लगे थे। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने जनता और राज्य की कीमत पर अपने महल और साम्राज्य खड़े किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नेताओं ने पंजाब और नई पीढ़ियों के भविष्य के रास्ते में कांटे बो दिए हैं। स्वार्थी राजनीति के कारण राज्य को संकट में डाल दिया गया और इतिहास इन्हें इस अपराध के लिए कभी माफ नहीं करेगा।
उन्होंने दोहराया कि जनता का एक-एक पैसा लूटने वालों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। सरकार सभी भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों पर कड़े कानूनी कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अकाली दल पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने राजनीतिक हितों के लिए राज्य में गैंगस्टरों को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि ये गैंगस्टर पनपे नहीं है बल्कि पहले की सरकारों ने इन युवाओं को बंदूकें थमाकर अपने मकसद के लिए इस्तेमाल किया।

मान ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दल इस बात से जलते हैं कि एक आम आदमी का बेटा आज राज्य को ईमानदारी से चला रहा है। जनता ने इन पारंपरिक दलों से भरोसा खो दिया है जो पंजाब विरोधी नीतियों पर चलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने श्री हरमंदिर साहिब पर हमला करने जैसी गलती की, उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी।

Advertisement Space

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नेताओं की जेबें ‘एकतरफा रास्ता’ हैं — वे केवल पैसा लेते हैं, जनता को कुछ नहीं देते। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल लोगों में गुरुद्वारों की गोलक से पैसा बांटते हैं, न कि अपने व्यवसाय ‘डबवाली ट्रांसपोर्ट’ या ‘सुख विलास’ से।

सुखबीर के किसान होने के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे बताएं कि कुछ एकड़ ज़मीन से ट्रांसपोर्ट कारोबार और विशाल होटल कैसे खड़े कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अकालियों ने नशे के कारोबार को बढ़ावा देकर पंजाब की पीढ़ियों को बर्बाद किया। मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से कहा कि जो भी नेता युवाओं की तबाही के लिए जिम्मेदार ‘जनरैल’ हैं, उनके खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि 5,000 करोड़ रुपये की लागत से ‘नो पावर कट पंजाब’ परियोजना चलाई जा रही है, जिससे राज्य में बिजली तरन तारन कटौती खत्म होगी। यह बिजली क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार है।

उन्होंने बताया कि ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ स्थापित किए गए हैं, जिनसे 265 सरकारी छात्रों ने जेईई मेन्स, 44 छात्रों ने जेईई एडवांस्ड और 848 छात्रों ने नीट परीक्षा पास की। तीन सालों में 881 आम आदमी क्लिनिक खोले गए हैं जहाँ अब तक 1.75 करोड़ लोगों को मुफ्त दवाइयाँ दी गई हैं।

मान ने कहा कि इतनी पारदर्शी और व्यापक विकास योजनाएँ पहले की सरकारों में कभी नहीं हुईं। सरकार ने 55,000 युवाओं को पूरी मेरिट पर नौकरियाँ दी हैं। साथ ही सड़क सुरक्षा बल के गठन से हादसों में 48% की कमी आई है, जिसे भारत सरकार ने भी सराहा है।

Advertisement Space

Leave a Comment