Jalandhar News : सीसीटीवी कैमरे लगाए बिना नहीं चलाई जा सकेगी पार्किंग

Jalandhar News : CP Satinder Singh ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं कि Police Commissionerate Jalandhar की सीमा के अंदर आने वाले वाहन खड़े करने के स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थान, अस्पताल, भीड़ वाले बाजारों और अन्य वाहन पार्किंग के लिए बनी जगहों आदि के मालिक/प्रबंधक (कॉम्प्लेक्स के अंदर या बाहर) CCTV कैमरे लगाए बिना वाहन पार्किंग नहीं चलाएंगे।

आदेशों में कहा गया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि CCTV कैमरे इस तरह लगाए जाएं कि जो वाहन पार्किंग के अंदर/बाहर आता-जाता है, उस वाहन की नंबर प्लेट और वाहन चलाने वाले व्यक्ति का चेहरा साफ नजर आए। लगाए गए सी.सी.टी.वी कैमरों की 45 दिन तक की रिकॉर्डिंग की सीडी तैयार करने के बाद हर 15 दिन बाद सिक्योरिटी ब्रांच कार्यालय, पुलिस कमिश्नर जालंधर में जमा करवाई जाए।

इसी तरह वाहन पार्क करने वाले वाहन मालिकों का रिकॉर्ड रखा जाए। यदि वाहन एक दिन के लिए खड़ा करना हो तो रजिस्टर में व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, आईडी, वाहन की किस्म, रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर, इंजन नंबर, वाहन पार्क करने की तारीख और वाहन वापस लेने की तारीख दर्ज की जाए तथा वाहन मालिक से रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाए जाएं।

यदि वाहन एक दिन से अधिक समय के लिए खड़ा करना हो तो उपरोक्त अनुसार रजिस्टर में प्रविष्टि करके वाहन मालिक से वाहन की रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस की फोटोकॉपी लेकर रिकॉर्ड के रूप में रखी जाए। इसके अलावा पार्किंग वाली जगहों पर काम करने वाले व्यक्तियों की पुलिस वेरिफिकेशन संबंधित थानों से करवाई जाए।

ये आदेश भी लागू
पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी एक अन्य आदेश के अनुसार कोई भी दुकानदार/दर्जी सेना/अर्धसैनिक बल/पुलिस की बनी-बनाई वर्दी या कपड़ा लेकर सिलाई की हुई वर्दी खरीदार की सही पहचान किए बिना नहीं बेचेगा। वर्दी खरीदने वाले व्यक्ति के फोटो पहचान पत्र (जो सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया हो) की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी रखेगा तथा खरीदने वाले का रैंक, नाम, पता, फोन नंबर और तैनाती के स्थान संबंधी रिकॉर्ड रजिस्टर पर मेंटेन करेगा। यह रजिस्टर दो महीने में एक बार संबंधित मुख्य थाना अधिकारी से प्रमाणित करवाएगा और जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड पुलिस को उपलब्ध करवाएगा।

पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी एक अन्य आदेश के अनुसार कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की सीमा के अंदर सड़कों के साथ-साथ फुटपाथ पर अनधिकृत बोर्ड लगवाने, दुकानदारों द्वारा दुकानों की सीमा से बाहर सड़कों और फुटपाथों पर सामान रखकर बेचने पर पाबंदी लगाई गई है।

इसी तरह पुलिस कमिश्नर द्वारा साइबर क्राइम को रोकने, लोक हित को ध्यान में रखते हुए तथा अमन व कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए आदेश जारी किए गए हैं कि पुलिस कमिश्नरेट जालंधर की सीमा के अंदर आने वाले सभी मोबाइल फोन और सिम विक्रेता, मोबाइल फोन और सिम बेचते समय खरीदार से पहचान पत्र/आईडी प्रूफ/फोटो लिए बिना मोबाइल फोन और सिम नहीं बेचेंगे। मोबाइल फोन ग्राहक/विक्रेता से खरीद करते समय ग्राहक/विक्रेता को भी अपनी फर्म की मोहर और हस्ताक्षर के तहत ‘परचेज सर्टिफिकेट’ देंगे।

Advertisement Space

यूपीआई भुगतान, कार्ड या ऑनलाइन अदायगी पर आईडी प्रूफ लें दुकानदार 
इसके अलावा फोन खरीदते समय खरीदार या उसका कोई रिश्तेदार/जानकार व्यक्ति, जिसके अकाउंट से यूपीआई भुगतान या कार्ड के माध्यम से या ऑनलाइन अदायगी की जाती है, तो उस व्यक्ति का आईडी प्रूफ भी दुकानदार हासिल करने के जिम्मेदार होंगे। ग्राहक का नाम और जन्म तिथि, पिता का नाम, घर का पूरा पता, जिसको फोन या सिम बेचा है या जिससे फोन खरीदा है उसका आईडी प्रूफ, मोबाइल और सिम खरीदने वाले व्यक्ति के अंगूठे का निशान और हस्ताक्षर, मोबाइल फोन बेचने/खरीदने की तारीख और समय, जिस व्यक्ति के अकाउंट से भुगतान हुआ है उसका आईडी प्रूफ तथा ग्राहक की फोटो के अनुसार रिकॉर्ड रजिस्टर में मेंटेन करेंगे।

एक अन्य आदेश के माध्यम से कमिश्नरेट जालंधर के अधीन आने वाले इलाके में पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली चाइना/मांझा डोर (नायलॉन, प्लास्टिक या सिंथेटिक मटेरियल से बनी डोर/धागा या कोई भी ऐसी डोर/धागा जिस पर सिंथेटिक/कांच/तेज धातु की परत चढ़ी हो और जो पंजाब सरकार के मानदंडों के अनुकूल न हो) के निर्माण, बिक्री, भंडारण, खरीद, आपूर्ति, आयात और पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है।

आदेशों में कहा गया है कि पतंग उड़ाने की इजाजत केवल सूती धागे से ही होगी, जो किसी भी प्रकार के तेज/धातु/कांच या धागे को मजबूत करने के लिए चिपकाई गई परत से रहित हो।

एक अन्य आदेश के माध्यम से कमिश्नर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 और आर्म्स रूल्स 2016 के नियम संख्या 32 के अधीन प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए किसी भी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक और धार्मिक स्थानों, विवाह-शादियों/पार्टियों के मौके पर मैरिज पैलेसों/होटलों/हॉल आदि में तथा अन्य इकट्ठे होने वाले स्थानों में हथियार लेकर जाने और हथियारों का प्रदर्शन करने पर पूर्ण पाबंदी लगाई है।

आदेशों में यह भी कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति हथियारों को प्रमोट करने वाले तथा हिंसा/लड़ाइयों-झगड़ों की बड़ाई करने वाले गीतों और हथियारों को लेकर फोटो आदि खिंचवाकर या वीडियो क्लिप आदि बनाकर सोशल मीडिया जैसे फेसबुक/व्हाट्सएप, स्नैपचैट और इंस्टाग्राम आदि पर अपलोड करने पर भी पूर्ण पाबंदी है। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत भरा भाषण नहीं देगा।

इसी तरह एक अन्य आदेश के माध्यम से कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की सीमा के अंदर बुलेट मोटरसाइकिल चलाते समय साइलेंसर में तकनीकी फेरबदल करवाकर पटाके आदि चलाने वाले वाहन चालकों पर पूर्ण पाबंदी लगाई गई है। यह भी आदेश जारी किए गए है कि कोई भी दुकानदार ऑटो कंपनी द्वारा निर्धारित मानदंडों के खिलाफ तैयार किए गए साइलेंसर नहीं बेचेगा और न ही किसी मैकेनिक द्वारा साइलेंसरों में तकनीकी फेरबदल किए जाएंगे।

उपरोक्त सभी आदेश 7 जनवरी 2027 तक लागू रहेंगे।

Advertisement Space

Leave a Comment