GNDU में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों ने इंजीनियरिंग और साइंस के विद्यार्थियों से की विशेष बातचीत

अमृतसर : गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी(GNDU) के प्लेसमेंट एवं करियर एनहांसमेंट निदेशालय द्वारा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी), मुंबई के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की विशेष उपस्थिति में ‘परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में करियर की संभावनाएं’ विषय पर यूनिवर्सिटी में विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में विद्यार्थियों को देश के प्रमुख वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थानों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

श्री अमृतसर साहिब के 450वें स्थापना वर्ष को समर्पित इस सेमिनार में इंजीनियरिंग, साइंस और लाइफ साइंस संकायों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के प्रमुख परमाणु अनुसंधान एवं विकास संस्थानों में उपलब्ध करियर के अवसरों से परिचित करवाना था। इस अवसर पर बीएआरसी, मुंबई की वैज्ञानिक डॉ. डिंपल दत्ता, साइंटिफिक ऑफिसर-एच और डॉ. रनीता बसु, साइंटिफिक ऑफिसर-एफ ने मुख्य वक्ताओं के रूप में शिरकत की।

विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक मामले डॉ. हरविंदर सिंह सैनी ने बीएआरसी से आए वैज्ञानिकों के साथ विशेष मुलाकात कर भविष्य में अकादमिक सहयोग और दोनों संस्थानों के बीच संस्थागत संबंधों को मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने विद्यार्थियों से भी बातचीत की और उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने तथा ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. के.एस. चहल ने कहा कि परमाणु ऊर्जा विभाग में युवाओं के लिए करियर के असाधारण अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य इंजीनियरिंग और साइंस के विद्यार्थियों को उनकी क्षमता से परिचित करवाना है, ताकि वे देश की वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

Advertisement Space

सेमिनार के दौरान डॉ. डिंपल दत्ता और डॉ. रनीता बसु ने परमाणु ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली, अनुसंधान गतिविधियों और युवा स्नातकों के लिए उपलब्ध विभिन्न करियर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इंजीनियरिंग स्नातकों और साइंस के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कोर्स (ओसीईएस), डीएई ग्रेजुएट फेलोशिप स्कीम (डीजीएफएस), डीएई डॉक्टोरल फेलोशिप स्कीम (डीडीएफएस) और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) जैसे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने इन कार्यक्रमों की पात्रता, चयन प्रक्रिया और उच्च स्तरीय अनुसंधान के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।

प्लेसमेंट एवं करियर एनहांसमेंट निदेशालय के निदेशक डॉ. अमित चोपड़ा ने कहा कि उप-कुलपति के नेतृत्व में निदेशालय अकादमिक शिक्षा, उद्योग और वैज्ञानिक क्षेत्र के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे विशेष सेमिनार विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित सरकारी एवं वैज्ञानिक संस्थानों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और बेहतर करियर अवसरों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

सेमिनार के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बीएआरसी के वैज्ञानिकों से सीधे बातचीत की और चयन प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी तथा करियर से जुड़े अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए।

Advertisement Space

Leave a Comment