
जालंधर : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी तथा रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने जिला वासियों को पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित समागमों की श्रृंखला के तहत 4 नवंबर को यहां गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले लाइट एंड साउंड शो में बढ़-चढ़कर पहुंचने का न्यौता दिया।
आज स्थानीय जिला प्रशासकीय परिसर में पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली, डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल तथा पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर सहित मीडिया के समक्ष कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा मानवता की भलाई के लिए दिए बलिदान की मिसाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का महान जीवन और दर्शन संपूर्ण मानवता के लिए प्रकाशस्तंभ है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ को पंजाब सरकार द्वारा बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। पंजाब सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से अरदास करके 25 अक्तूबर को शहीदी दिवस को समर्पित समागमों की शुरुआत करवाई गई है। इस संबंधी विभिन्न समागम आयोजित किए गए हैं। गुरु साहिब के चरण छोह प्राप्त नगरों एवं शहरों में कीर्तन समागम करवाए जा रहे हैं। साथ ही पंजाब के सभी जिलों में लाइट एंड साउंड शो भी करवाए जा रहे हैं।
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागमों में शामिल होने का न्यौता देते हुए भगत ने कहा कि ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के जीवन, दर्शन एवं महान बलिदान के बारे में जानने के लिए यह लाइट एंड साउंड शो देखने के लिए समूह जिला निवासी समय पर अपने परिवारों सहित जरूर पहुंचें।
इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जसबीर सिंह तथा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर भी मौजूद थे।