
बॉलीवुड के दिग्गज पंजाब के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अपने जुहू स्थित घर पर अंतिम सांस ली। धर्मेंद्र बीते कुछ सप्ताह से बीमार चल रहे थे और 12 नवंबर को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई थी और कहा जा रहा था कि उनकी हालत स्थिर है।
धर्मेंद्र के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए कहा कि धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है।
बता दें कि इसी महीने 11 नवंबर को धर्मेंद्र के निधन की खबरें थीं। हालांकि, एक्ट्रेस हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने इन खबरों को खारिज करते हुए अपनी नाराजगी जताई थी।
खास तौर पर, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनसे पता चलता है कि एक्टर अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट (लिखते समय) पहुंचे हैं। ईशा गुप्ता को भी धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर पहुंचते देखा गया।
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया गया। इस दौरान देओल परिवार और कई दिग्गज स्टार और बॉलीवुड की हस्तियां मौजूद थीं।
हेमा मालिनी, ईशा देओल, सनी देओल, बॉबी देओल से लेकर अमिताभ बच्चन इत्यादि मौके पर मौजूद थे।
बता दें कि सोमवार को ही उनकी अगली फिल्म इक्कीस का पोस्टर रिलीज हुआ था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा हैः-
धर्मेंद्र जी के जाने से इंडियन सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक ज़बरदस्त एक्टर थे जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल निभाए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति।