
जालंधर : श्री बांके बिहारी भगवत प्रचार समिति की ओर से साईं दास स्कूल, पटेल चौक के विशाल खुले मैदान में आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा में आज अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं पार्षद अश्वनी अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित हुए। भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत कथा के दौरान श्री अग्रवाल आरती में शामिल हुए व कथा व्यास आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी जी से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
इस मोके अश्वनी अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत गीता का दिव्य ज्ञान मानव जीवन को दिशा देने वाला अद्वितीय आध्यात्मिक ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण और भौतिकतावादी युग में गीता के उपदेश न केवल मन को शांति देते हैं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलन, सकारात्मकता और सदाचार की ऊर्जा का संचार करते हैं।
अग्रवाल ने आगे कहा कि गीता में वर्णित कर्मयोग, भक्तियोग और ज्ञानयोग के सिद्धांत व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने, समाज के प्रति उत्तरदायी बनने और जीवन के हर उतार-चढ़ाव का धैर्यपूर्वक सामना करने की शक्ति प्रदान करते हैं। कथा के माध्यम से जो आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण उत्पन्न होता है, वह पूरे क्षेत्र के लिए शुभ और कल्याणकारी है।
उन्होंने कथा आयोजन समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक माहौल बनाते हैं, लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
