
जालंधर के लेदर कांप्लेक्स स्थित पारस नगर में 13 वर्षीय नाबालिगा की हत्या को लेकर लोगों का रोष बढ़ता जा रहा है। कैंडल मार्च निकाले जा रहे हैं और धरनों की चेतावनियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मचारियों को डिसमिस करने की भी मांग की जा रही है। इसके साथ ही परिवार की मांग है कि दोषी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकद्दमा चलाया जाए।
आज बुधवार को पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल और पंजाब स्टेट कमिशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स के अध्यक्ष कंवरदीप सिंह ने पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की । इस मौके पर राज लाली ने कहा कि वह जल्द ही पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से मुलाकात कर पूरे साक्ष्य की जानकारी लेंगी, वहीं उन्होंने सवाल उठाया कि चार मरले की कोठी में पुलिस बच्ची का शव पहले क्यों नहीं ढूंढ पाई। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम ने जरूरी सबूत इकट्ठे कर लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी उपलब्ध है। परिवार की मांग है कि केस को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। महिला आयोग ने भरोसा दिलाया कि आयोग और चाइल्ड कमीशन परिवार के साथ खड़ा रहेगा।