
चंडीगढ़ः पंजाब-चंडीगढ़ में ठंड का असर अभी बरकरार है। अगले दो दिनों तक ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ रुक-रुक कर सक्रिय रहेंगे। बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और फिलहाल किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस समय पश्चिमी हवाओं में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा 8 फरवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।
अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 24 घंटों में इसमें 2 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। आने वाले दिनों में पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।