
Amritsar News : एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अमृतसर के ‘स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल’ और ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ ने दो अलग-अलग ऑपरेशन में हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों का पर्दाफाश किया है। दोनों ऑपरेशनों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 2.920 किलोग्राम हेरोइन के साथ 8 हाई-एंड पिस्तौल बरामद की हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी सीमा पार से तस्करी में शामिल थे और पंजाब में आपराधिक तत्वों के सप्लाई करने के लिए ड्रोन के ज़रिए हथियार और नशीले पदार्थ मंगवा रहे थे।
अमृतसर के ‘स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल’ पुलिस स्टेशन में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने और तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के भिंडी औलख गांव के रहने वाले इंदरपाल सिंह और सिकंदरजीत सिंह; अमृतसर के कक्कड़ के रहने वाले हैप्पी सिंह उर्फ वीरपाल सिंह; गुरदासपुर के महल के रहने वाले सुनील मसीह और राजन मसीह; और अमृतसर के नूरपुर के रहने वाले प्रदीप सिंह के तौर पर हुई है।
नशीले पदार्थ और हथियार बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने तस्करी के कामों में इस्तेमाल हो रही उनकी हुंडई वेन्यू कार (PB02FC2504) और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (PB06BH3781) को भी ज़ब्त किया है।