जालंधर : जालंधर ट्रेडर्स मैन्युफैक्चर एसोसिएशन रजि. (JTMA) के प्रेसिडेंट संजीव ढींगरा के नेतृत्व में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन एवं पार्षद अश्वनी अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में जालंधर के ट्रेडर्स एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान JTMA के सदस्यों ने व्यापार एवं मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से संबंधित समस्याओं और अपनी प्रमुख मांगों को श्री अश्वनी अग्रवाल के समक्ष रखा। इस पर अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों और उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि जालंधर के ट्रेडर्स एवं मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़ी किसी भी समस्या को अनदेखा नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने के साथ-साथ पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत मान के समक्ष भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि समस्याओं का उचित समाधान करवाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल से ही उद्योग एवं व्यापार के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा सकता है। उन्होंने JTMA के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने में वह सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक के दौरान JTMA के सदस्यों ने अश्वनी अग्रवाल को साइन बोर्ड भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर JTMA के प्रेसिडेंट संजीव ढींगरा, मुकेश अग्रवाल, चंदन अरोड़ा, मनदीप गुजराल, पवन, प्रभु, राज कुमार शर्मा सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।