नई दिल्ली में आयोजित 18वां 18th BRICS Summit रविवार को सम्पन्न हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘ब्रिक्स’ सिर्फ देशों का समूह नहीं बल्कि समाधान का इकोसिस्टम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन’ साझा विजन को नई दिशा देगा। पीएम ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्य देशों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपके महत्वपूर्ण विचारों और सुझावों ने हमारे सहयोग को व्यापकता भी दी है और गहराई भी दी है। आप सबकी मौजूदगी ब्रिक्स की बढ़ती उपयुक्तता, उदारता और समावेशिता का प्रमाण है।
इस मौके पर पीएम मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में लिए गए फैसलों को समयबद्ध तरीके से लागू करने का भी आह्वान किया। शिखर सम्मेलन के पहले दिन ब्रिक्स के दिल्ली घोषणा पत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया, जिसमें नियम आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, वैश्विक संगठनों में सुधार तथा पश्चिम एशिया सहित विश्व में संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति समर्थन और आह्वान के साथ-साथ ब्रिक्स देशों के बीच विभिन्न क्षेंत्र में सहयोग की पहल करने के संकल्प लिए गए।
प्रधानमंत्री ने अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और बुरुंडी गणराज्य के राष्ट्रपति से मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और बुरुंडी गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री एवरिस्ट नदायिशिमिये के साथ आज नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग द्विपक्षीय बैठक की।
दोनों नेताओं ने 2023 में भारत की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को जी20 में शामिल कराने में भारत की भूमिका को याद करते हुए इस बात पर जोर दिया कि भारत-अफ्रीकी संघ साझेदारी ग्लोबल साउथ के भीतर सहयोग का एक प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (आईएएफएस-IV) के शीघ्र आयोजन के लिए दोनों पक्षों की सुविधा के अनुसार उपयुक्त तिथि तय करने पर चर्चा की।