
नई दिल्लीः इस साल जून में Axiom Mission 4 के जरिए पहली बार इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में जाने वाले भारतीय एस्ट्रोनॉट्स शुभांशु शुक्ला रविवार को स्वदेश लौट रहे हैं। शुभांशु शुक्ला 18 दिन के मिशन के बाद 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे और तब से वह अमरीका में Post Mission Rehabilitation Program से गुजर रहे थे।
लखनऊ के त्रिवेणी नगर के रहने वाले एस्ट्रोनॉट और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला 17 अगस्त को एक साल बाद अपने वतन लौट रहे हैं। स्वदेश लौटने पर वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलेंगे उसके बाद वह 25 अगस्त को लखनऊ अपने घर रवाना होंगे।
भारत लौटने के लिए वह अमरीका से फ्लाइट ले चुके हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने भावुक होते हुए इंस्टाग्राम पोस्ट पर दी है। इंस्टाग्राम पर उन्होंने लिखा-
भारत वापस आने के लिए विमान में बैठते ही मेरे दिल में कई तरह की भावनाएं उमड़ रही हैं। मुझे उन शानदार लोगों को पीछे छोड़कर जाने का दुख है जो इस मिशन के दौरान पिछले एक साल से मेरे दोस्त और परिवार थे। मैं मिशन के बाद पहली बार अपने सभी दोस्तों, परिवार और देश के सभी लोगों से मिलने को लेकर भी उत्साहित हूं। मुझे लगता है ज़िंदगी यही है – सब कुछ एक साथ।
मिशन के दौरान और बाद में सभी से अविश्वसनीय प्यार और समर्थन मिलने के बाद, मैं आप सभी के साथ अपने अनुभव साझा करने के लिए भारत वापस आने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं।
अलविदा कहना मुश्किल होता है, लेकिन हमें ज़िंदगी में आगे बढ़ते रहना चाहिए। जैसा कि मेरी कमांडर @astro_peggy प्यार से कहती हैं, “अंतरिक्ष उड़ान में एकमात्र स्थिर चीज़ बदलाव है”। मेरा मानना है कि यह बात ज़िंदगी पर भी लागू होती है।
मुझे लगता है कि आखिरकार – “यूं ही चला चल रही – जीवन गाड़ी है समय पहिया”