
पठानकोट : पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने पठानकोट के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर लोगों से बातचीत की और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि पिछले करीब तीन-चार दिनों से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण रंजीत सागर डैम में पानी का स्तर बढ़ गया। इस वजह से पिछले रंजीत सागर डैम शाहपुरकंडी, पठानकोट से पानी छोड़ा जा रहा है।
विभाग को पानी यू.बी.डी.सी. नहर तथा अन्य नहरों में भी छोड़ा गया। पानी की क्षमता अधिक मात्रा होने के कारण सुजानपुर, मलिकपुर, बुड़ा नगर आदि क्षेत्रों में पानी भर गया। इसके अलावा गुलपुर सिंबली गांव में भी यू.बी.डी.सी. नहर में दरार पड़ने से गांव में पानी घुस गया। इसके लिए राहत कार्य जारी हैं। यह जानकारी पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री लाल चंद कटारूचक ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद दी।
इस अवसर पर लाल चंद कटारूचक ने बताया कि केवल गुलपुर सिंबली ही नहीं बल्कि जिले के हर गांव में बचाव अभियान चलाया जा रहा है। जिन गांवों में भी लोग पानी से प्रभावित हुए हैं, वहां हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि माधोपुर हेडवर्क्स से पानी ओवरफ्लो होकर इस नहर में आ रहा है और लगभग 40 साल बाद इस नहर में इतना पानी देखने को मिला है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी पानी भरा है वहां कोई छेड़छाड़ न करें और न ही पानी के किनारे जाएं। सरकार हर समय लोगों की सेवा के लिए मौजूद है।
उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है। जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, शरणार्थी शिविर भी बनाए गए हैं, जहां हर प्रकार की व्यवस्था की गई है। लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने अपील की कि लोग झूठी अफवाहों पर विश्वास न करें। प्रशासन द्वारा हर जगह सभी प्रकार की तैयारी की गई है।
उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। आम आदमी पार्टी की पूरी टीम और जिला प्रशासन क्षेत्र में बचाव कार्यों में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। इस मौके पर उनके साथ श्री सुखजिंदर सिंह डी.एस.पी., नरेश सैनी जिला प्रधान बी.सी. विंग पठानकोट, पवन कुमार फौजी ब्लॉक प्रधान, भूपिंदर सिंह कटारूचक और अन्य आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि आज कैबिनेट मंत्री पंजाब लाल चंद कटारूचक ने जहां विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया वहीं मलिकपुर दौरे के दौरान जम्मू जाने वाले यात्रियों से भी मिले जो हाईवे पर पानी भर जाने के कारण फंसे हुए थे। कैबिनेट मंत्री ने मौके पर ही तीन बसों की व्यवस्था कर यात्रियों को जम्मू रवाना किया ताकि वे अपने घर पहुंच सकें। गांव गुलपुर सिंबली में पानी भरने के बाद बस की व्यवस्था कर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। इसके अलावा मंत्री ने तारागढ़ और अन्य गांवों में बनाए गए शरणार्थी शिविरों का भी दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।