
अमृतसरः काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, पाकिस्तान से जुड़े एक सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया और एक आरोपी पवनदीप सिंह, जो अमृतसर ग्रामीण के गांव बेहरवाल का निवासी है, को गिरफ्तार किया और 5.032 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी पवनदीप ने खुलासा किया कि वह अपने विदेशी हैंडलर हरपाल सिंह के निर्देशों पर काम कर रहा था। हरपाल सिंह, जोकि अमृतसर के गांव कोहाला का निवासी है और इस समय अमेरिका में रह रहा है, सीधे पाकिस्तान-आधारित नशा तस्करों के संपर्क में था तथा ड्रोन के जरिए सीमा पार से नशे और हथियारों की कई खेपों को भारत पहुँचाने का इंतजाम कर रहा था।
उन्होंने आगे बताया कि जांच से पता चला है कि हरपाल सिंह, जो लगभग दो साल पहले अमेरिका गया था, का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और विदेश में बसने के बाद ही वह नशा तस्करी के कारोबार में शामिल हो गया।
इस ऑपरेशन के विवरण साझा करते हुए डीजीपी ने कहा कि सीआई अमृतसर को गांव धनोए कलां, अमृतसर के पास भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र से नशे की खेप प्राप्त करने संबंधी गुप्त सूचना मिली थी। इस पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध पवनदीप सिंह को अमृतसर के गांव बहिड़वाल के पास उस समय काबू कर लिया जब वह आगे किसी पार्टी को खेप सौंपने जा रहा था। उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
उन्होंने कहा कि नेटवर्क के अगले-पिछले संबंधों का पता लगाने और पूरे गठजोड़ का पर्दाफाश करने के लिए आगे जांच जारी है।
इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 52 दिनांक 19-09-2025 दर्ज की गई है।