अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री मान ने युवाओं की उद्यमी सोच को प्रोत्साहित करने के लिए एंटरप्रेन्योरशिप माइंडसेट कोर्स की शुरुआत की


Aryan Academy AD

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज युवाओं की उद्यमी सोच को प्रोत्साहित करने के लिए एक नए कोर्स (एंटरप्रेन्योरशिप माइंडसेट कोर्स) की शुरुआत की, ताकि पंजाब को नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाली धरती बनाया जा सके।

आज यहां टैगोर थिएटर में संबोधन करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 17 साल तक एक छात्र शिक्षा में योगदान देता है। शिक्षा का उद्देश्य यह होना चाहिए कि वह परिवार के लिए रोटी कमा सके, देश और समाज का अच्छा नागरिक बने मगर दुर्भाग्य से एक छात्र अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद इन तीनों में असफल रहता है, जिसके लिए ब्रिटिश युग की शिक्षा प्रणाली जिम्मेदार है। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि अंग्रेजों ने क्लर्क पैदा करने के लिए शिक्षा प्रणाली विकसित की थी और दुर्भाग्य से आजादी के बाद भी यही व्यवस्था जारी रही।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोई भी आसान स्थिति से बाहर निकलकर चुनौतियों को स्वीकार करना नहीं चाहता। उयह कोर्स इस धारणा को तोड़ देगा और युवा राज्य और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने यह भी कहा कि यह कोर्स युवाओं को सपने संजोने के अवसर देगा, क्योंकि वे अद्वितीय विचार सामने लाएंगे और इन विचारों को अमल में लाकर समृद्ध होने का सपना देखेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि छात्रों को सर्वश्रेष्ठ उत्पाद और ब्रांड बनाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए और यह जुनून उन्हें विश्व भर में प्रसिद्धि प्राप्त करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाबी जन्म से ही उद्यमी हैं और यह कोर्स उनकी इस अनूठी क्षमता का उपयोग करने में मददगार होगा। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि इस ऐप में बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस एप की सफलता भारत को एक बड़ी ताकत बनाएगी, क्योंकि इसके माध्यम से हम चीन जैसी वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के साथ मुकाबला करने में सक्षम होंगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने उच्च शिक्षा स्तर पर उद्यमी विचारों को बढ़ावा देने के लिए नया कोर्स शुरू किया है, जो शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से यह कोर्स पूरे राज्य की विश्वविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लागू किया जाएगा। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए यह कोर्स बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए), बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम), बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) और बैचलर ऑफ वोकेशन के छात्रों के लिए अनिवार्य होगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से इस कोर्स को अन्य सभी डिग्री प्रोग्रामों के साथ जोड़ा जाएगा। यह कोर्स प्रत्येक सेमेस्टर में अनिवार्य होगा, जिससे प्रत्येक छात्र व्यवसाय को व्यावहारिक रूप से चलाने के बारे में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेगा। उन्होंने कहा कि यह एआई आधारित बहुभाषी (पंजाबी/हिंदी/अंग्रेजी) डिजिटल प्लेटफॉर्म छात्रों का मार्गदर्शन, सहयोग और निगरानी करेगा, साथ ही प्रत्येक स्नातक को नौकरी तलाशने वाले के बजाय नौकरी सृजक बनने में मदद करेगा। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि इस कोर्स की शुरुआत से डेढ़ लाख छात्र न केवल पढ़ाई करेंगे बल्कि उद्यमी भी बनेंगे।

Advertisement Space

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रगतिशील विश्व का नया मॉडल है और इसका उद्देश्य लोगों को वास्तविक ज्ञान प्रदान करना है। इस प्रशिक्षण से युवाओं में नए विचारों की सृजन क्षमता के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान होगा। यह प्रयास पंजाब को नई संभावनाओं और व्यापार का केंद्र बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज दुनिया के शक्तिशाली देश विचारों की शक्ति दिखाने वाली एप्स जारी करने में लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, क्योंकि बोइंग में 45 प्रतिशत इंजीनियर पंजाब से हैं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं में हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के गुण समाहित हैं और उनकी योग्यताओं का सही उपयोग किया जाना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि छात्र और युवा हवाई जहाज की तरह हैं और राज्य सरकार उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए एक लॉन्च पैड प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे तब तक आराम से नहीं बैठेंगे, जब तक पंजाब के छात्र अपने मनपसंद लक्ष्यों को हासिल नहीं कर लेते। उन्होंने युवाओं को जीवन में बड़ी सफलता प्राप्त करने के बाद भी जमीन से जुड़े रहने और कड़ी मेहनत में विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया, क्योंकि यह सफलता की एकमात्र कुंजी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के विकास और इसके निवासियों की समृद्धि के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कड़ी मेहनत ही सफलता का एकमात्र मार्ग है और युवाओं को हमेशा कड़ी मेहनत का रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा युवाओं के नेक विचारों का समर्थन करेगी। भगवंत सिंह मान ने आशा व्यक्त की कि यह कोर्स राज्य को आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Advertisement Space

Leave a Comment