
नई दिल्लीः बीएसएफ ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) के कुल 391 पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 4 नवंबर, 2025 की रात 11:59 बजे तक बीएसएफ की ऑफिशियल वेबसाइट rectt.bsf.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
इस पद के लिए उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होने चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार ने पिछले दो वर्षों में इंटरनेशनल ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा मान्यता प्राप्त किसी अंतरराष्ट्रीय खेल में देश का प्रतिनिधित्व किया हो या कोई पदक हासिल किया हो। यह भर्ती खास तौर पर उन खिलाड़ियों के लिए है, जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 23 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को छूट दी जाएगी। एससी/एसटी उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट और ओबीसी को 3 वर्ष की छूट दी जाएगी। कॉन्स्टेबल (जीडी) के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 21,700 से 69,100 रुपए प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें अन्य भत्ते और सुविधाएं भी केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार दी जाएंगी।