
लुधियाना: लुधियाना के साहनेवाल में वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौत हो, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे घायल हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी रजनीश शर्मा ने बताया कि देहरादून के रहने वाले उनके बुआ के बेटे नरेंद्र कुमार (46) पत्नी रितेश, बेटे यश कुमार और बेटी रिया कुमारी के साथ 16 जून को ऑल्टो कार में माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद घर लौट रहे थे।
सुबह करीब 4:30 बजे साहनेवाल स्थित गुरुद्वारा रेरू साहिब के सामने कार के आगे चल रहे अज्ञात वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही ऑल्टो कार वाहन से टकरा गई।
दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल नरेंद्र कुमार को इलाज के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-32 सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक नरेंद्र कुमार निजी कंपनी में नौकरी करते थे। थाना साहनेवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।