
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज शुक्रवार को एक अहम राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव इस साल नवंबर में हो सकते हैं। केजरीवाल बठिंडा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ एक रोड शो को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि चुनाव जल्दी हो सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भगवंत मान को ही सीएम पद का चेहरा बनाए जाने की बात भी कही।
केजरीवाल ने समर्थकों से कहा कि उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब विधानसभा चुनाव फरवरी के बजाय नवंबर में हो सकते हैं। अब सिर्फ़ चार महीने बचे हैं और हमारा एकमात्र मकसद यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि भगवंत मान फिर से मुख्यमंत्री बनें।
मान के नेतृत्व की तारीफ़ करते हुए आप प्रमुख ने उन्हें पंजाब के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्रियों में से एक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की पिछली सरकारों पर भ्रष्टाचार और सरकारी पैसे के दुरुपयोग के आरोप लगे थे, जबकि मान, उनके परिवार के सदस्यों या उनके मंत्रियों पर ऐसा कोई आरोप नहीं लगा है।
केजरीवाल ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियों ने देश भर में विपक्षी नेताओं की जांच की है, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप सामने नहीं आया है।
आप नेता ने कहा कि 2022 से शुरू किए गए कई विकास प्रोजेक्ट अभी भी चल रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए सरकार में निरंतरता बनाए रखने की ज़रूरत है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से चुनाव की संभावित लड़ाई से पहले अपनी कोशिशें तेज़ करने को कहा।