
जालंधर : जिला स्तरीय Child Beggary Prevention Task Force द्वारा आज विभिन्न स्थानों पर छापेमारी के दौरान भीख मांगती दो बच्चियों को रेस्क्यू किया गया।
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी अजय भारती ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों तथा जिला प्रोग्राम अधिकारी के निर्देशों के अनुसार प्रोजेक्ट जीवनज्योत 2.0 के तहत भीख मांगते बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए छापेमारी की गई थी, जिसके दौरान करीब 5 और 6 साल उम्र की दो बच्चियों को गीता मंदिर, मॉडल टाउन, जालंधर के पास से रेस्क्यू किया गया है।
उन्होंने बताया कि बच्चियों को थाना डिवीजन नं. 6 में डी.डी.आर. करवाकर बाल कल्याण समिति, जालंधर में पेश किया गया और बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चियों को नारी निकेतन, जालंधर में शेल्टर दिया गया।
उन्होंने कहा कि बच्चियों के पुनर्वास और पढ़ाई के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमों द्वारा समय-समय पर आम लोगों को बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व तथा बच्चों के साथ हो रहे अपराधों के बारे में, बाल मजदूरी, बाल भिक्षा, बच्चों के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण जैसी बुराइयों के बारे में जागरूक भी किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को बाल भिक्षा या किसी भी मुसीबत में फंसे बच्चे के बारे में जानकारी मिलती है, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर या कार्यालय जिला प्रोग्राम अधिकारी, गांधी वनीता आश्रम में संपर्क कर सकते हैं।
रेस्क्यू टीम में लीगल कम प्रोबेशन अधिकारी संदीप कुमार, सोशल वर्कर रेनू बाला और कमलप्रीत कौर, आउट रीच वर्कर गौरव कुमार सहित कमिश्नरेट पुलिस, जालंधर के महिला थाने की टीम भी मौजूद थी।