
जालंधर के थाना 5 के अंतर्गत आते इलाके चौहान कॉलोनी में एक 28 वर्षीय सोनू नामक दर्जी युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दूसरी तरफ मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की गई है और उन्होंने संदिग्ध आरोपी के खिलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की है।
ACP आतिश भाटिया से हुई बातचीत में आरोपी की पहचान के बारे में जानकारी मिली है । पुलिस ने दोनों आरोपी दंपती मनदीप सिंह और उसकी पत्नी को गिरफ़्तार किया है। पता चला है कि मनदीप सिंह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पिछले कुछ सालों में उसके ख़िलाफ़ 3 FIR दर्ज की गई हैं। आरोपी पहले भी 2 साल जेल में रह चुका है। दोनों आरोपी पास की ही गली के रहने वाले हैं।
आस-पास के CCTV फ़ुटेज की जांच की गई। फ़ुटेज में मनदीप और उसकी पत्नी साफ़ तौर पर मृतक की लाश को लाते और उसे फेंकते हुए दिखाई दिए। परिवार के मुताबिक आरोपी मनदीप सिंह सोनू का दोस्त था।
परिवार के मुताबिक सोनू कल शाम से लापता था। 28 वर्षीय सोनू शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। वह पेशे से दर्जी था। परिजनों के मुताबिक, सोनू रोज की तरह काम पर गया था और आमतौर पर शाम 5:30 बजे तक घर लौट आता था लेकिन बीते कल जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिवार वाले उसकी तलाश में जुट गए और काफी परेशान थे। अगली सुबह पुलिस को चौहान कॉलोनी की गली नंबर 5 में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, इलाके को सुरक्षित किया और शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।