LPU Violence : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा, आगजनी, लूटपाट और तोड़-फोड़ के मामले में अब तक पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने 2 अक्टूबर को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से सात LPU के छात्र हैं, जबकि दो बाहरी लोग हैं।
ये गिरफ्तारियां एलपीयू में हंगामे के बाद दर्ज की गई दो FIR की जांच के तहत की गई हैं। अब तक 20 लोगों की पहचान की गई है और उनके नाम शामिल किए गए हैं, जबकि फरार हुए लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी है। इसके अलावा हिंसा के दौरान एलपीयू परिसर के बार स्थापित एमआईजी-23यूएम फाइटर पर चढ़े युवक की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की गई है।
FIR नंबर 163, 28 सितंबर को कपूरथला जिले के सतनामपुरा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पंजाब प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक एंड प्राइवेट प्रॉपर्टी एक्ट, 2014 की धाराओं के तहत दर्ज की गई थी। FIR नंबर 106 उसी तारीख को सदर फगवाड़ा पुलिस स्टेशन में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई थी।
इन घटनाओं के बाद एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए कई टीमें तैनात की गईं। जांचकर्ताओं ने कई स्रोतों से डिजिटल सबूतों की जांच की, जिनमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, न्यूज़ चैनल के फुटेज और LPU व अन्य जगहों पर लगे CCTV कैमरे शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इन डिजिटल एविडेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में आगजनी, दंगा, लूटपाट, पुलिसकर्मियों पर हमले, नेशनल हाईवे जाम करने और LPU के इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाने में कथित संलिप्तता की जांच की गई।