
जालंधर : भारत चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार SIR-2026 के तहत आज जालंधर में draft electoral roll का प्रकाशन कर दिया गया है, जिस पर दावे व आपत्तियां 12 सितंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे।
डिप्टी कमिश्नर- कम-जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत जिले में 14,64,949 मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त 2026 को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान मतदाता अपने संबंधित पोलिंग स्टेशन पर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण चेक कर सकेंगे और यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है या विवरण में कोई गलती है तो वे दावे और आपत्तियां दायर कर सकेंगे।
श्री वालिया ने बताया कि कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने पोलिंग बूथों पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच व सत्यापन में सहयोग देंगे। उन्होंने बताया कि जो योग्य मतदाता ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज होने से रह गए हैं, वह आवश्यक घोषणा पत्र और सहायक दस्तावेजों सहित फॉर्म नंबर 6, फॉर्म नंबर 6ए और फॉर्म नंबर 8, जो भी लागू हो, जमा करवा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी योग्य मतदाताओं से 16 अगस्त को अपने संबंधित पोलिंग बूथों पर पहुंचकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम व अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य मतदाता का ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं है या किसी विवरण में संशोधन की आवश्यकता है तो निर्धारित समय के दौरान संबंधित फॉर्म के माध्यम से दावा व आपत्ति दायर की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट https://www.ceopunjab.gov.in/index पर तथा जिला जालंधर की आधिकारिक वेबसाइट https://jalandhar.nic.in पर भी उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों के कार्यालयों और बूथ लेवल अधिकारियों के पास भी देखी जा सकती है।
श्री वालिया ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, उन्हें नोटिस जारी होने के उपरांत निर्वाचन आयोग द्वारा दर्शाए गए दस्तावेजों में से दस्तावेज जमा करवाने होंगे। इस संबंध में मतदाताओं को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)- कम-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी अमनिंदर कौर द्वारा प्रारंभिक प्रकाशन के उपरांत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की हार्ड कॉपी और बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी भी उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर निर्वाचन तहसीलदार डा. दीपक राज भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि नोटिस चरण/दावों व आपत्तियों का निपटारा 8 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची की प्रकाशना 12 अक्तूबर 2026 को होगी।