
जालंधरः जालंधर की साफ-सुथरी और मुख्य रूप से सुरक्षित मानी जाती लोकेलिटी अर्बन एस्टेट फेस 2 के निवासी इन दिनों बाइक सवार झपटमारों/लुटेरों से दहशत के माहौल में जी रहे हैं। इस संबंध में समाजसेवी संजीव कुमार शर्मा सहित अर्बन एस्टेट के प्रमुख लोगों ने सीपी जालंधर और एसएचओ थाना सात से इस इलाके में खासकर दोपहर और शाम के सात बजे तक पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है।
संजीव शर्मा ने बताया कि बीते दिनों अर्बन एस्टेट फेस- में रहती एक महिला श्रीमती ज्योति निजवान अपने घर के मेन गेट के बाहर पड़ोस में रहती बुजुर्ग महिला श्री मधु शर्मा, एक बुजुर्ग अंकल श्री गुलशन चावला की आंखों के सामने एक बाइक सवार काले रंग का हैलमेट पहने जोकि उम्र में कुछ ज्यादा बड़ा नहीं लगता था गली में बाइक पर चक्कर लगाने लगा और देखते ही देखते तीसरे चक्कर में इनके पास आकर मोटरसाइकिल धीरे किया और महिला की कान की बाली झपटने की कोशिश की लेकिन परमात्मा का शुक्र रहा कि श्रीमती ज्योति निजवान एकदम नीचे झुक गईं, जिस कारण लुटेरा उनके कान की बाली नहीं झपट पाया।
पास में खड़ी महिला श्रीमती मधु शर्मा एवं पड़ोसी गुलशन चावला ने शोर मचाया तो आप-पड़ोस के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस पर लुटेरा भाग खड़ा हुआ। लोगों ने बताया कि अब तो बुजुर्गों का घरों के बाहर खड़े होना या बैठना और बच्चों का बाहर खेलना भी सुरक्षित नहीं रहा है। पता नहीं किस समय कोई लुटेरा आए और अपनी वारदात को अंजाम दे जाए।
सभी निवासियों का यही कहना है कि प्रशासन इस तरफ ध्यान दें ताकि लोग सुख की सांस ले सकें। इस मौके पर समाज सेवी संजीव देव शर्मा के साथ श्रीमती मधु शर्मा एवं श्रीमती ज्योति निजवान, डॉक्टर राजेंद्र पाल शर्मा तथा प्रिंस शर्मा व अन्य लोग भी मौजूद थे।