
कनाडा: प्रवासी वर्क्स और स्टूडेंट्स के लिए कनाडा के क्यूबेक राज्य में परमानेंट रेजिडेंसी पाने का सुनहरा मौका है। यह सुविधा ‘क्यूबेक एक्सपीरियंस प्रोग्राम’ के तहत दी जाएगी, जिसे राज्य सरकार ने फिर से शुरू करने का फैसला लिया है।
इमिग्रेशन मंत्रालय के अनुसार, यह प्रोग्राम 2 जुलाई 2026 से शुरू होकर 2 जुलाई 2028 तक खुला रहेगा। इस दौरान क्यूबेक में पढ़ाई या नौकरी कर रहे विदेशी छात्र और वर्कर्स पीआर के लिए आवेदन कर सकेंगे।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में पीईकयू के ग्रेजुएट स्ट्रीम को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया था, जबकि वर्कर स्ट्रीम को भी बंद कर दिया गया था। इसके बाद मई 2026 में सरकार ने इसे दोबारा शुरू करने की योजना का संकेत दिया था, जिसकी अब आधिकारिक तारीख घोषित कर दी गई है।
प्रोग्राम को दो चरणों में खोला जाएगा। पहला चरण 2 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान वे उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे जो नवंबर 2025 में प्रोग्राम बंद होने से पहले योग्य थे। इसमें इंटरनेशनल ग्रेजुएट और फॉरेन वर्कर दोनों स्ट्रीम के उम्मीदवार शामिल होंगे।
सरकार ने यह भी साफ किया है कि इस अवधि में आवेदन की कोई सीमा (कैप) नहीं होगी और पुराने नियमों के तहत ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके साथ ही राज्य ने यह भी संकेत दिया है कि वह स्किल्ड वर्कर प्रोग्राम के तहत पीआर की संख्या में कमी कर रहा है और फिलहाल प्राथमिकता कम अनुभव वाले और कुछ खास कैटेगरी के वर्कर्स को दी जाएगी।