लुधियाना में भारत के संविधान निर्माता Dr. B.R. Ambedkar की प्रतिमा के निरादर के कुछ दिनों बाद अब जिला होशियारपुर के गांव बाड़ियां कलां में Dr. B.R. Ambedkar की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। यह ताज़ा घटना कल मंगलवार, 15 सितंबर की सुबह चब्बेवाल इलाके के उक्त गांव में घटी।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात लोगों ने अनाज मंडी के पास लगी Dr. B.R. Ambedkar की प्रतिमा पर पत्थर मारकर इसे तोड़ने की कोशिश की । इस हमले में प्रतिमा को काफी नुक्सान पहुंचा है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक (जांच) नवनीत सिंह महल ने बताया कि यह घटना मंगलवार तड़के उस समय हुई जब कुछ अज्ञान लोगों ने कथित तौर पर गांव की अनाज मंडी के पास स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पत्थर फेंके।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है।
बता दें कि मार्च 2026 में माहिलपुर पुलिस स्टेशन के तहत नूरपुर जट्टां गांव में भी बाबा साहेब की प्रतिमा के कथित अपमान की सूचना मिली थी। जून 2025 में भी उसी जगह पर ऐसी ही घटना की सूचना मिली थी। विभिन्न संगठनों ने बाबा साहिब की प्रतिमा के किए जा रहे अपमान पर चिंता जताई है और आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
हरभजन सिंह ETO की प्रतिक्रिया
चंडीगढ़ः कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ETO ने होशियारपुर जिले के गांव बाड़ियां कलां में भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब Dr. B.R. Ambedkar की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले आसामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। मंत्री ने चेतावनी दी कि पंजाब का माहौल खराब करने और समाज में जहर घोलने की साजिश कर रहे असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
मंत्री हरभजन सिंह ETO ने कहा कि बाबा साहेब Dr. B.R. Ambedkar जी हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं, जिन्होंने देश को एक मजबूत संविधान देकर हर नागरिक को समान अधिकार दिए हैं। जो लोग उनके खिलाफ ऐसी बुरी और नफ़रत भरी हरकतें कर रहे हैं, वे पंजाब की कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की बेकार कोशिश कर रहे हैं, जिसे सरकार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं करेगी